बिहार ने Ease of Doing Business को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो पोर्टल को अपग्रेड किया है। 9 विभागों की 62 सेवाएं अब एक जगह मिलेंगी
नई दिल्ली: बिहार सरकार ने निवेशकों के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस पोर्टल का नया वर्जन लॉन्च किया है। इस अपग्रेड के साथ 9 विभागों की 62 सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो गई हैं।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने रिवैम्प्ड पोर्टल लॉन्च किया। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
नए पोर्टल का फोकस निवेशकों को मंजूरी की प्रक्रिया के लिए एक आसान डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। निवेशक यहां अपने प्रोजेक्ट से जुड़ी जरूरी मंजूरियों की पहचान कर सकेंगे।
वे लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ पहले से प्राप्त लाइसेंस अपलोड और आवेदन की प्रगति को ट्रैक भी कर सकेंगे।
पोर्टल पर प्रदूषण नियंत्रण, एक्साइज एवं रजिस्ट्रेशन, लीगल मेट्रोलॉजी, जल संसाधन, अग्निशमन, बिजली, पर्यावरण एवं वन, सड़क निर्माण और राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित सेवाओं को शामिल किया गया है।

प्रोजेक्ट स्टेज के अनुसार मिलेगी जानकारी
पोर्टल के नए Know Your Approval मॉड्यूल के जरिए निवेशक अपने प्रोजेक्ट की स्थिति के आधार पर जरूरी मंजूरियां देख सकेंगे।
इसके लिए सिस्टम में Pre-Establishment और Pre-Operation चरण दिए गए हैं। मंजूरी की पहचान के बाद निवेशक सीधे Apply सुविधा के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
सरकार ने आवेदन से पहले निवेशकों की मदद के लिए Register Your Intent, Strategic Partnership और Investor Facilitation सुविधाएं भी शुरू की हैं।
इनके जरिए निवेशक संबंधित अधिकारियों से संपर्क, अपॉइंटमेंट और जरूरी संपर्क विवरण हासिल कर सकेंगे।
उद्योग विभाग के अनुसार, सिंगल विंडो सिस्टम को आगे भी विस्तार दिया जाएगा ताकि निवेशकों को मंजूरी और निवेश से जुड़ी सेवाएं एक अधिक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सकें।