IITF 2026 में झारखंड का पलाश मार्ट पारंपरिक आभूषण, हर्बल साबुन, प्राकृतिक उत्पाद और ग्रामीण महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित सामान पेश कर रहा
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित IITF 2026 में झारखंड का पलाश मार्ट राज्य की लोककला, प्राकृतिक उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को प्रदर्शित करने का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ‘विकास और विरासत’ की थीम पर आयोजित इस मेले में ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पेश किया जा रहा है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 14 नवंबर को राज्य पवेलियन और JSLPS के पलाश मार्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद महिला उद्यमियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनके काम और उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
उद्घाटन कार्यक्रम में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
आदिवासी आभूषण से लेकर प्राकृतिक सौंदर्य उत्पाद तक
पलाश मार्ट में पारंपरिक कला और आधुनिक जरूरतों से जुड़े कई उत्पाद एक ही जगह उपलब्ध हैं। यहां हर्बल साबुन, प्राकृतिक तेल, जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित वस्तुएं, हैंडलूम और आदिवासी शैली की मेटल ज्वेलरी प्रदर्शित की गई है।
पवेलियन में मीनू रक्षित के हर्बल उत्पाद भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र हैं। जमशेदपुर के तुर्केपुर, बिशिमपुर से आईं मीनू अपने स्टॉल पर लगभग 20 तरह के साबुन लेकर पहुंची हैं।
उनके मुताबिक, साबुन बनाने में नारियल और मावा तेल का इस्तेमाल किया जाता है। प्राकृतिक खुशबू के लिए फूलों और पत्तियों का उपयोग किया जाता है। वह नीम और तुलसी जैसी सामग्रियों से भी उत्पाद बनाती हैं।
उनके स्टॉल पर बॉडी ऑयल, दर्द में इस्तेमाल होने वाला तेल, हल्दी, एलोवेरा और कुमकुम से बनी क्रीम तथा चुकंदर पाउडर वाला लिप बाम भी उपलब्ध है।
मीनू ने बताया कि वह पहले भी इस ट्रेड फेयर में भाग ले चुकी हैं। पिछले आयोजन में उनके उत्पाद खरीदने वाले कुछ ग्राहक इस बार भी उनसे मिलने पहुंचे हैं।
ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
पलाश मार्ट का संचालन झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत JSLPS की ओर से किया जा रहा है। संस्था स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को उनके उत्पाद तैयार करने, ब्रांड विकसित करने और बाजार तक पहुंच बनाने में मदद करती है।
पलाश ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को एक साझा पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों को अपने काम को बड़े बाजार में प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
IITF 2026 में उनकी मौजूदगी राज्य की सांस्कृतिक विरासत के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी सामने लाती है।