नई दिल्ली: असम के चराईदेव जिले के मथुरापुर बागीचा प्राथमिक विद्यालय में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक टीचर द्वारा नाबालिग छात्रों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा क्लास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में हुआ, जिसके बाद लोगों में टीचर के खिलाफ नाराजगी फैल गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने टीचर को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बेरहमी से पीटता था टीचर
पुलिस ने बताया कि आरोपी टीचर की पहचान 51 वर्षीय मोहम्मद आरिफुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह चराईदेव के मथुरापुर तिनियाली इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उस पर आरोप है कि वह छोटे बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करता था और उनके साथ मारपीट करता था।
सीसीटीवी फुटेज देख कर हैरान
स्कूल के प्रधानाध्यापक ने जब सीसीटीवी फुटेज देखी तो वह खुद हैरान रह गए। फुटेज में आरोपी टीचर कई छात्रों को बेरहमी से पीटता दिखाई दिया। इसके अलावा वीडियो में वह एक छात्र को खिड़की से बाहर फेंकता तो कभी उसे उल्टा लटकाकर पीटता नजर आया। घटना का पता लगते ही अभिभावकों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मामले ने तेजी तब पकड़ी जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। असम टी ट्राइब्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है। इस तरह की घटना स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।