मेडिकल सेवाओं पर उपभोक्ता संरक्षण कानून लागू करने से जुड़े मामले में 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। NMF और AHPI ने दिल्ली
नई दिल्ली। मेडिकल लापरवाही से जुड़े मामलों की सुनवाई और चिकित्सा सेवाओं पर उपभोक्ता संरक्षण कानून (CPA) लागू किए जाने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में 26 नवंबर 2026 को अगली सुनवाई निर्धारित है। इससे पहले नेशनल मेडिकल फोरम (NMF) और एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (इंडिया) (AHPI) ने मेडिकल लापरवाही के मामलों के लिए अलग और विशेषज्ञों की भागीदारी वाली व्यवस्था बनाने की मांग की है।
दोनों संगठनों ने नई दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 ऑन मेडिकल नेग्लिजेंस, प्रोफेशनल अकाउंटेबिलिटी एंड कंज्यूमर प्रोटेक्शन’ जारी किया। इसमें मौजूदा कानूनी व्यवस्था की समीक्षा करने और मरीजों के अधिकारों को सुरक्षित रखते हुए मेडिकल लापरवाही के मामलों के निपटारे के लिए पारदर्शी प्रक्रिया विकसित करने की अपील की गई है।
यह मुद्दा सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 1995 के फैसले इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बनाम वी.पी. शांथा से जुड़ा है। इस फैसले के बाद चिकित्सा सेवाओं को उपभोक्ता संरक्षण कानून के दायरे में शामिल किया गया था। अब चिकित्सा संगठनों ने इस व्यवस्था के करीब तीन दशक के अनुभव के आधार पर इसमें बदलाव की जरूरत बताई है।
नेशनल मेडिकल फोरम के चेयरमैन डॉ. प्रेम अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा पेशे में कई तरह के जोखिम और अनिश्चितताएं होती हैं। डॉक्टरों को मरीज की स्थिति के आधार पर कई बार जटिल फैसले लेने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि इलाज का सफल न होना या मरीज की स्थिति बिगड़ना अपने आप में लापरवाही का प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए।
AHPI के संस्थापक एवं संरक्षक डॉ. एलेक्जेंडर थॉमस (डॉ. एलेक्स थॉमस) ने कहा कि मेडिकल लापरवाही के मामलों में विशेषज्ञों की राय के आधार पर निष्पक्ष सुनवाई होनी चाहिए। इससे मरीजों को समय पर न्याय मिलने के साथ डॉक्टरों के साथ भी उचित व्यवहार सुनिश्चित किया जा सकता है।
चिकित्सा सेवाओं पर उपभोक्ता संरक्षण कानून लागू किए जाने को चुनौती देने वाली याचिका फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।
दिल्ली डिक्लेरेशन में कहा गया है कि मरीजों की सुरक्षा, सम्मान, इलाज की पूरी जानकारी और उपचार से पहले सहमति जैसे अधिकार सुरक्षित रहने चाहिए। साथ ही, वास्तविक मेडिकल लापरवाही, उपचार के दौरान होने वाली सामान्य जटिलताओं और उचित चिकित्सकीय फैसलों के बीच स्पष्ट अंतर होना जरूरी है।
NMF और AHPI ने सुप्रीम कोर्ट से मौजूदा व्यवस्था पर पुनर्विचार करने और चिकित्सा विशेषज्ञों की भागीदारी वाली अलग प्रक्रिया पर विचार करने की अपील की है।