मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दिव्यांग खिलाड़ियों की समस्याओं, एसोसिएशन की लंबित मान्यता और पैरा खेलों को मजबूत करने पर विस्तार से हुई सकारात्मक चर्चा।
नई दिल्ली | 13 जनवरी 2026
दिल्ली दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष पारुल सिंह ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने 20 से 22 जनवरी तक दिल्ली में प्रस्तावित दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान पारुल सिंह ने दिल्ली के दिव्यांग खिलाड़ियों से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों और आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि दिल्ली राज्य में दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की मान्यता का मामला लंबे समय से लंबित है, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और सुविधाओं के स्तर पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिव्यांग खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने पारुल सिंह के नेतृत्व में दिल्ली में निरंतर आयोजित हो रहे पैरा खेल आयोजनों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर पारुल सिंह ने मुख्यमंत्री को लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएँ भी दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व नई शुरुआत, सकारात्मक सोच और आपसी सौहार्द का प्रतीक हैं, जो समाज को एकजुट करने का संदेश देते हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दिल्ली के सतत विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, मंच और संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और पैरा खेलों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मुलाकात के बाद पारुल सिंह ने कहा,
“मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा दिल्ली के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए उत्साहजनक रही। हमने पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आमंत्रण दिया और खिलाड़ियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। हमें विश्वास है कि सरकार पैरा खेलों को और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।”
इस बैठक में दिल्ली दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव राहुल कसाना, सक्षम एसोसिएशन के सचिव देवेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।