नई दिल्ली, मैनेजमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टिट्यूट (MERI) कॉलेज, जनकपुरी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा सोमवार को एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का विषय था—‘हाउ टू बिकम इनफ्लुएंसर @ एमईआरआई’। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में संसद टीवी की वरिष्ठ पत्रकार सुश्री नम्रता सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
सुश्री नम्रता सिंह ने बताया कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया ने पत्रकारिता की परंपरागत परिभाषा को पूरी तरह से बदल दिया है। अब केवल सच्चाई प्रस्तुत करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे पेश करने का तरीका भी बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति को प्रभावशाली बनाए रखने के लिए निरंतरता, धैर्य और तथ्य-परख को आवश्यक बताया।
उन्होंने यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट वायरल कराने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव साझा किए। उनका कहना था, “किसी वीडियो के वायरल होने में हैशटैग, टाइटल और कंटेंट की प्रमुख भूमिका होती है। टाइटल ऐसा होना चाहिए जो न केवल आकर्षक हो, बल्कि किसी चल रहे ट्रेंड से जुड़ा भी हो।” इसके अलावा, उन्होंने ऐसा कंटेंट तैयार करने पर जोर दिया, जो दर्शकों में उत्सुकता और सक्रिय प्रतिक्रिया पैदा करे।
कार्यशाला के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनने के विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए, जिनका सुश्री नम्रता सिंह ने विस्तारपूर्वक जवाब दिया।
यह कार्यक्रम एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. ललित अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. पांडेय ने सोशल मीडिया में इन्फ्लुएंसर की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रो. दीपशिखा कालरा (डीन, एमईआरआई कॉलेज) ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के सलाहकार प्रो. राकेश खुराना, प्रो. सदानंद पांडेय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीए (जेएएमसी) की छात्राएं पृथा अरोड़ा एवं नेहा सैनी ने किया।