उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की युवा नृत्य प्रतिभाएं दिखाएंगी हुनर, 1 सितंबर को महोत्सव

उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की युवा नृत्य प्रतिभाएं दिखाएंगी हुनर, 1 सितंबर को महोत्सव

कला चैतन्य सोसायटी की पहल का उद्देश्य युवा कलाकारों को प्रोत्साहन, राष्ट्रीय पहचान और प्रतिष्ठित मंच उपलब्ध कराना

नई दिल्ली: भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही कला चैतन्य सोसायटी पिछले कई वर्षों से देश के विभिन्न राज्यों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कार्यशालाओं और कला से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन करती आ रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य कला के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना, उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी कला और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए प्रतिष्ठित एवं उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना है।

इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए कला चैतन्य सोसायटी द्वारा 1 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड के प्रतिष्ठित स्टीन ऑडिटोरियम में सायं 7:00 बजे ‘युवा नृत्य महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कलाकारों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री विश्वदीप कथक जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं। एक कलाकार, शिक्षक, शोधकर्ता एवं सांस्कृतिक प्रशासक के रूप में उन्होंने भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व अल्जीरिया, स्पेन, पेरिस, लंदन, तुर्की, ब्रुनेई, बेलारूस, मॉरीशस, चीन तथा दुबई सहित अनेक देशों में किया है। इसके अतिरिक्त वे खजुराहो नृत्य महोत्सव सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दे चुके हैं। उनका मानना है कि कलाकार का दायित्व केवल मंचीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण का निर्माण करना तथा युवा पीढ़ी को कला के माध्यम से सशक्त बनाना भी उसकी जिम्मेदारी है।

संस्था के सचिव श्री प्रदीप कुमार पाठक राष्ट्रीय संस्थान कथक केंद्र में सात वर्षों तक तबला गुरु के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने अनेक नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों के लिए संगीत निर्देशन किया है तथा साहित्यिक लेखन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनका विश्वास है कि युवा पीढ़ी राष्ट्र का भविष्य है और उसे सही दिशा, संस्कार तथा अवसर प्रदान करना कला-जगत का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसी विचार के साथ संस्था निरंतर युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी, पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कथक गुरु विदुषी शोभना नारायण, समाजसेवी एवं भाजपा नेता श्री भुवनेश सिंघल, संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री अशोक तिवारी तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी एवं वर्तमान में दैनिक प्रभात खबर समाचार पत्र के सलाहकार श्री देवेश शुक्ल उपस्थित रहेंगे। सभी मुख्य अतिथि युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करेंगे तथा अपने विचारों से उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का संचालन श्री कुलदीप शर्मा द्वारा किया जाएगा।

महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविधता और सौंदर्य से परिचित कराएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री आँचल शर्मा एवं सुश्री आस्था गुप्ता की युगल प्रस्तुति से होगा। इसके पश्चात श्री अतुल कुमार एवं सुश्री धृति शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। तीसरी प्रस्तुति सुश्री रिचा बलूनी एवं सुश्री तरुषी राजौरा द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम का समापन श्री सूरज कुमार एवं श्रीमती रुचिका बग्गा की युगल प्रस्तुति से होगा।

इस वर्ष के महोत्सव की विशेषता यह है कि इसमें उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के कलाकार एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन न केवल युवा कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर देगा, बल्कि विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के आदान-प्रदान का भी माध्यम बनेगा।

कला चैतन्य सोसायटी का यह आयोजन भारतीय कला परंपरा, युवा ऊर्जा और सांस्कृतिक मूल्यों के सुंदर समन्वय का प्रतीक है। संस्था का विश्वास है कि ऐसे आयोजन न केवल कलाकारों को नई पहचान प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में कला के प्रति संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

More From Author

एमईआरआई कॉलेज में टीवी एंकरिंग पर विशेष सत्र, अखिलेश शर्मा ने छात्रों से किया संवाद

एमईआरआई कॉलेज में टीवी एंकरिंग पर विशेष सत्र, अखिलेश शर्मा ने छात्रों से किया संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्रिप्टो

वर्चुअल डिजिटल एसेट्स के नियमन की दिशा में भारत में अहम कदम

नई दिल्ली: भारत में वर्चुअल डिजिटल एसेट्स के रेगुलेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति की सिक्योरिटीज मार्केट्स कोड, 2025 पर की गई सिफारिशों में इस क्षेत्र के लिए एक व्यापक...