मासिक वेतन से कटौती होने पर मिलेगा ऑटोमैटिक CGHS कार्ड, केंद्रीय कर्मचारियों को नहीं होगी आवेदन की जरूरत
नई दिल्ली, अगर आप केंद्रीय सरकार के कर्मचारी हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा योजना (CGHS) को लेकर एक नया निर्देश जारी किया है। अब जिन कर्मचारियों के वेतन से CGHS योगदान की कटौती होती है, उन्हें बिना आवेदन किए ही स्वचालित रूप से CGHS कार्ड जारी किया जाएगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने पाया कि कई केंद्रीय कर्मचारी योगदान देने के बावजूद समय पर CGHS कार्ड के लिए आवेदन नहीं करते, जिससे वे इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं। अब सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि वेतन से नियमित रूप से योगदान काटा जा रहा है, तो कर्मचारी को CGHS कार्ड ऑटोमैटिक रूप से मिल जाएगा।
क्या कहा मंत्रालय ने?
मंत्रालय का कहना है कि जिन कर्मचारियों की सैलरी से CGHS कटौती की जा रही है, उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रखना अनुचित है, सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने औपचारिक आवेदन नहीं किया। इसलिए अब ऐसे सभी पात्र कर्मचारियों को CGHS कार्ड स्वतः जारी किया जाएगा।
इसके साथ ही मंत्रालय ने सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे यह सुनिश्चित करें कि योग्य कर्मचारियों को बिना देरी और बिना अतिरिक्त प्रक्रिया के CGHS कार्ड मिले।
CGHS क्यों है जरूरी?
CGHS यानी सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम, केंद्र सरकार की एक जरूरी स्वास्थ्य योजना है। यदि किसी कर्मचारी का निवास क्षेत्र CGHS डिस्पेंसरी क्षेत्र में आता है, तो उसकी सैलरी से अपने आप इस योजना के लिए कटौती शुरू हो जाती है। अब तक कर्मचारियों को इसके बावजूद अलग से आवेदन करना होता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया स्वतः संचालित होगी।
ये भी पढ़ें :- संदिग्ध पादरी प्रवीन पगडाला मौत: CBI जांच के लिए हाईकोर्ट में याचिका