फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) का ट्रैवल रूल, जिसे रिकमेंडेशन 16 के नाम से भी जाना जाता है, वैश्विक मनी लॉन्ड्रिंग विरोधी प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य वित्तीय संस्थाओं को लेन-देन से जुड़ी जरूरी जानकारियाँ साझा करने के लिए बाध्य करना है। यह नियम पहले पारंपरिक बैंकों तक सीमित था, लेकिन 2019 से इसे वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (VASPs) यानी क्रिप्टो प्लेटफ़ॉर्म्स पर भी लागू कर दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुपालन में असमानता बनी बड़ी चुनौती
हालांकि नियम स्पष्ट है, लेकिन विभिन्न देशों में इसे लागू करने के तौर-तरीकों में भारी असमानता देखने को मिलती है। उदाहरण के तौर पर, स्विट्ज़रलैंड में इसका अनुपालन शून्य डॉलर की सीमा से शुरू होता है, जबकि अन्य देशों में यह सीमा अधिक है। यह विसंगति वैश्विक लेन-देन की पारदर्शिता में बाधा बनती है और एक समान क्रिप्टो नियमन को जटिल बना देती है।
तकनीकी बाधाएँ और छोटे प्लेटफॉर्म्स की मुश्किलें
क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स के पास एक जैसे तकनीकी प्रोटोकॉल नहीं हैं, जिससे डेटा साझा करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। साथ ही, छोटे और मझोले वर्चुअल एसेट प्रोवाइडर्स के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करना न केवल तकनीकी रूप से कठिन है, बल्कि लागत के लिहाज़ से भी भारी है। इससे वे या तो नियमों के उल्लंघन में फंसते हैं या फिर बाज़ार से बाहर हो जाते हैं।
‘क्रिप्टो ओलिगोपॉली’ की ओर बढ़ता हुआ खतरा
कुछ बड़ी क्रिप्टो कंपनियाँ अपने निजी कंप्लायंस सिस्टम बना रही हैं, जो क्लोज्ड नेटवर्क की तरह कार्य करते हैं। इससे परस्पर लेन-देन की क्षमता (interoperability) सीमित हो जाती है और धीरे-धीरे एकाधिकार जैसी स्थिति बनती जा रही है, जिसमें छोटे देश और कंपनियाँ सिर्फ़ ‘डेटा खरीदने वाली ग्राहक’ बनकर रह जाएँगी।
भारत के लिए अवसर: आत्मनिर्भर ट्रैवल रूल सिस्टम
भारत वर्तमान में विदेशी कंप्लायंस टूल्स पर काफी हद तक निर्भर है, जिससे हमारा क्रिप्टो इकोसिस्टम बाहरी नियंत्रण के अधीन होता जा रहा है। ऐसे में भारत को चाहिए कि वह अपना स्वदेशी ट्रैवल रूल अनुपालन प्लेटफॉर्म तैयार करे। हमारे पास पहले से ही UPI, आधार, और eKYC जैसी मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना मौजूद है, जिसे इस प्रणाली से जोड़कर एक पारदर्शी, किफायती और व्यावहारिक समाधान विकसित किया जा सकता है।
वैश्विक नेतृत्व की ओर भारत की संभावनाएँ
यदि भारत इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाता है, तो वह न केवल घरेलू क्रिप्टो सेक्टर को सुरक्षित और मजबूत बनाएगा, बल्कि अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे उभरते बाजारों में अपनी टेक्नोलॉजिकल विशेषज्ञता का निर्यात भी कर सकेगा।
निष्कर्ष: रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाने का समय
FATF ट्रैवल रूल को भारत को केवल एक तकनीकी बाध्यता के रूप में नहीं, बल्कि एक रणनीतिक अवसर के रूप में देखना चाहिए। यह भारत को वैश्विक रेगुलेटरी टेक्नोलॉजी में नेतृत्व देने का माध्यम बन सकता है और भविष्य के डिजिटल अर्थव्यवस्था में देश को एक निर्णायक भूमिका में खड़ा कर सकता है।
ये भी पढ़ें :- सिर्फ नीति बनाना काफी नहीं — अपंजीकृत क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स को भी ठहराना होगा जवाबदेह