अजमेर, 28 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर की पावन धरा से ₹16,000 करोड़ से अधिक की बहुआयामी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं को राजस्थान के बुनियादी ढांचे, जल सुरक्षा, ऊर्जा विस्तार और रोजगार सृजन के व्यापक दृष्टिकोण से जोड़ा जा रहा है।
राजस्थान के प्रमुख टेक्सटाइल उद्योगपति रिजु झुनझुनवाला ने कहा कि अजमेर में ₹16,000 करोड़ की विकास परियोजनाएं प्रदेश के विकास इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह पहल दूरगामी प्रभाव डालेगी।
उन्होंने बताया कि बांदीकुई–जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अमृतसर–जामनगर कॉरिडोर जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई रफ्तार देंगे। इनसे सड़क संपर्क मजबूत होगा, औद्योगिक परिवहन सुगम होगा और लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार आएगा। परिणामस्वरूप व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।
झुनझुनवाला ने कहा कि नोनेरा और परवन अकावाद पेयजल परियोजनाएं प्रदेश में जल सुरक्षा को सुदृढ़ आधार प्रदान करेंगी। वहीं राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान को उन्होंने बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण और सशक्तीकरण की दिशा में दूरदर्शी कदम बताया।
रोजगार मेले के तहत 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण को उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की प्रभावी पहल बताया। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा ग्रिड के विस्तार से प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह समन्वित प्रयास प्रदेश के संतुलित विकास को गति देगा।
अंत में उन्होंने अजमेर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ‘विकसित भारत–विकसित राजस्थान’ के संकल्प को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।