पटना में गांधी सेतु से गंगा नदी में गिरे युवक अक्षय कुमार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने तत्परता और साहस के साथ बचा लिया। युवक जहानाबाद जिले का रहने वाला है।
बिहार समाचार: SSB जवानों का साहसिक बचाव अभियान, पटना में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक साहसिक बचाव अभियान के जरिए 26 वर्षीय युवक की जान बचाई। यह घटना 11 जनवरी की है, जब जहानाबाद जिले के पारस बिगहा निवासी अक्षय कुमार अपनी मोटरसाइकिल से पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले गांधी सेतु से गुजर रहे थे। अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गंगा नदी में जा गिरे।
गंगा नदी में छलांग लगाकर शुरू किया बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही SSB के पटना फ्रंटियर मुख्यालय के भद्रघाट पर तैनात राहत और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई की। जवानों ने बिना देर किए गंगा नदी में छलांग लगाई और बहादुरी के साथ अक्षय कुमार को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
NMCH में भर्ती कराया गया
बचाव के तुरंत बाद अक्षय कुमार को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (NMCH), पटना में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद अक्षय की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जवानों की बहादुरी की प्रशंसा
SSB पटना फ्रंटियर के महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों में तत्पर सहायता देने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें :- ब्राह्मण समाज ने मकर संक्रांति पर पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर पर दिया विशेष जोर