“मोबाइल फोन आज पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण टूल बन चुका है”
नई दिल्ली: एमईआरआई कॉलेज, जनकपुरी के पत्रकारिता एवं जन-संचार विभाग ने गुरुवार को ‘द आर्ट ऑफ टीवी एंकरिंग एंड करियर अपॉर्च्युनिटीज’ विषय पर एक्सपर्ट टॉक आयोजित की। एनडीटीवी के मैनेजिंग एडिटर अखिलेश शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को टीवी एंकरिंग और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के बारे में जानकारी दी।
एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. ललित अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में बीए (जेएमसी) के विद्यार्थियों ने भाग लिया। शर्मा ने कहा कि तकनीकी बदलावों ने पत्रकारिता की प्रक्रिया को काफी प्रभावित किया है। आज मोबाइल फोन रिपोर्टिंग और न्यूज कलेक्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
टीवी एंकरिंग की आवश्यकताओं पर बात करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास, स्पष्ट बोलने की क्षमता, सही उच्चारण, वॉयस मॉड्यूलेशन और प्रेजेंटेशन स्किल को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि एक एंकर को सिर्फ खबर पढ़ने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खबर के पीछे की स्थिति और उसकी संवेदनशीलता को समझना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित समाचार पत्र पढ़ने, अपनी सामान्य जानकारी बढ़ाने और संचार कौशल पर लगातार काम करने की सलाह दी। शर्मा ने एंकरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर के अवसरों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी हुआ। इस दौरान शर्मा ने पत्रकारिता और एंकरिंग से संबंधित सवालों के जवाब दिए। विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. पांडेय ने अतिथि का स्वागत किया। कृतिका गुप्ता और रिधिमा तंवर ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि प्रो. सदानंद पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।