बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक का कर्तव्य: सांसद सहरावत
नई दिल्ली: नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित MERI कॉलेज में भारत के पहले EV पार्क की स्थापना को लेकर एक विशेष राउंड टेबल डिस्कशन आयोजित किया गया। ‘राउंड टेबल डिस्कशन ऑन इंडियाज फर्स्ट EV पार्क’ में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, EV इंफ्रास्ट्रक्चर और भारत में ग्रीन ट्रांसपोर्ट के भविष्य पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।
इस कार्यक्रम का आयोजन International Federation of Electric Vehicle Association (IFEVA) और MERI Group of Institutions के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पश्चिमी दिल्ली सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बिजली की बचत से देश की ऊर्जा जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकता है और बची हुई ऊर्जा का इस्तेमाल विकास कार्यों में किया जा सकता है। उन्होंने EV सेक्टर में हो रहे बदलावों को भारत के हरित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. शैलेंद्र सरोज ने नेशनल EV पार्क के मास्टर प्लान और तकनीकी ढांचे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि EV पार्क इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और नई तकनीकों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में EV नीतियों, चार्जिंग नेटवर्क, सतत परिवहन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के विस्तार पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और EV पार्क इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा करेगा।