13 जून को समंदर की कठिन परिस्थितियों में नौसेना ने दिखाई वीरता, टग बोट से शुरू हुआ टोइंग ऑपरेशन
भारतीय नौसेना ने जलते हुए कंटेनर जहाज MV WAN HAI 503 पर चल रहे बचाव अभियान को मजबूती देते हुए 13 जून को एक साहसिक हवाई ऑपरेशन के तहत अपने सल्वेज (बचाव) दल को जहाज पर उतारा। यह अभियान समुद्री तूफानी हालात और जहाज पर लगी आग के बीच सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
कोच्चि स्थित INS गरुड़ से सी किंग हेलीकॉप्टर के जरिए दल को रवाना किया गया। हेलीकॉप्टर ने मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल को जलते जहाज पर उतारा, जहां उन्होंने ऑफशोर वारियर नामक टग बोट के साथ टोइंग रस्सी को जोड़ा। रस्सी के सफलतापूर्वक जुड़ने के बाद, हेलीकॉप्टर ने दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद जहाज को खींचने (टोइंग) की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई।

बचाव अभियान में समन्वय और सहयोग:
इस ऑपरेशन में INS शारदा और MV ट्राइटन लिबर्टी नामक अन्य पोत भी भारतीय तटरक्षक बल और अन्य समुद्री एजेंसियों के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भारतीय नौसेना की तत्परता से मिशन को मिली नई ऊर्जा
भारतीय नौसेना द्वारा किए गए त्वरित और साहसी प्रयासों ने न सिर्फ सल्वेज मिशन को मजबूती दी है, बल्कि एक बार फिर यह साबित किया है कि देश की समुद्री सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में नौसेना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।