नई दिल्ली: दिल्ली पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष श्रीमती पारुल सिंह को पैरा खेलों के क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों के लिए ‘नेशनल आइकन अवॉर्ड 2026’ से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, दिव्यांग खिलाड़ियों को सशक्त बनाने और देश में समावेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित समारोह में आरोग्य दर्पण ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय के अपर सचिव श्री सौरभ कुमार तिवारी, एमएसएमई की राष्ट्रीय सलाहकार श्रीमती रश्मि मिश्रा, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी और नेशनल आइकन अवॉर्ड्स 2026 के अध्यक्ष श्री राम वर्मा सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।
यह सम्मान पैरा खिलाड़ियों के हितों के लिए श्रीमती पारुल सिंह की प्रतिबद्धता और उनके नेतृत्व में दिल्ली पैरालंपिक समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। समिति लगातार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, पहचान और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
सम्मान समारोह के बाद श्रीमती पारुल सिंह ने कहा कि ‘नेशनल आइकन अवॉर्ड 2026’ उनके लिए गर्व का क्षण है, लेकिन यह उपलब्धि पूरे पैरा स्पोर्ट्स समुदाय के समर्पण और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और सहयोगियों के योगदान को सराहा और कहा कि वह पैरा खिलाड़ियों को सशक्त बनाने तथा खेलों में समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
दिल्ली पैरालंपिक समिति ने भी श्रीमती पारुल सिंह की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। समिति के अनुसार, उनका नेतृत्व पैरा खिलाड़ियों को प्रेरणा देता रहेगा और देश में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।