Chris Hemsworth और Halle Berry स्टारर ‘Crime 101’ अब OTT पर उपलब्ध है। 90 मिलियन डॉलर की फिल्म में डायमंड चोरी, सस्पेंस और कैट-एंड-माउस गेम का रोमांच। जानें फिल्म की कहानी, रिव्यू।
नई दिल्ली: हॉलीवुड की चर्चित हीस्ट थ्रिलर Crime 101 अब दर्शकों के लिए OTT पर उपलब्ध है। 1 अप्रैल 2026 यानी कल से भारत समेत दुनिया भर में Amazon Prime Video पर रिलीज हो गई है। सिनेमाघरों में औसत प्रदर्शन के बाद अब फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नया दर्शक वर्ग मिल रहा है।
चोरी, पीछा और दिमागी खेल की कहानी
डायरेक्टर Bart Layton की यह फिल्म लॉस एंजेलिस की 101 फ्रीवे पर होने वाली डायमंड चोरियों के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में एक शातिर चोर, उसके पीछे लगा जिद्दी डिटेक्टिव और एक बीमा एजेंट के बीच दिलचस्प टकराव दिखाया गया है।
फिल्म में हेम्सवर्थ एक चालाक ज्वेल चोर के रोल में हैं, जो हर बार पुलिस को मात देता है। वहीं रफ़ेलो एक ऐसे डिटेक्टिव बने हैं, जो केस को सुलझाने में कोई कसर नहीं छोड़ते है। हैली बेरी का किरदार इस पूरे खेल में एक अलग भावनात्मक परत जोड़ता है।
https://www.primevideo.com/detail/Crime-101/0POWEB96I8FC2W0GIT68SKMQ2V
यह सिर्फ चोरी की कहानी नहीं, बल्कि लालच, धोखे और मौके की दौड़ को भी दिखाती है। फिल्म का ट्रीटमेंट नॉयर स्टाइल में है, जिसमें सस्पेंस और एक्शन दोनों का अच्छा संतुलन देखने को मिलता है।
थिएटर में निराशा लेकिन OTT पर उम्मीद
करीब 90 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया और सीमित कमाई ही कर पाई। इसके बावजूद समीक्षकों ने फिल्म को सराहा है। Rotten Tomatoes पर इसे क्लासिक हीस्ट फिल्मों की याद दिलाने वाला बताया गया, जबकि IMDb पर इसे ठीक-ठाक रेटिंग मिली है। खासतौर पर कलाकारों की एक्टिंग को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया भी देखने को मिली है।
भारत में क्यों खास?
भारत में इस फिल्म को मल्टी-लैंग्वेज में रिलीज किया गया है। इंग्लिश के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी यह उपलब्ध है, जिससे इसकी पहुंच और बढ़ गई है। एवेंजर्स फैंस के लिए हेम्सवर्थ और रफ़ेलो की जोड़ी, वहीं इंटरनेशनल सिनेमा पसंद करने वालों के लिए हैली बेरी की वापसी इसे और खास बनाती है।
दर्शकों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिश्रित लेकिन दिलचस्प प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई दर्शकों ने इसे “धीमी लेकिन दमदार” थ्रिलर बताया है, जहां कहानी धीरे-धीरे खुलती है और अंत तक पकड़ बनाए रखती है।
भले ही ‘Crime 101’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल नहीं कर पाई, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर यह फिल्म नई पहचान बना सकती है। सस्पेंस और हीस्ट ड्रामा पसंद करने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।