मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने खुद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना को सम्मान देने के उद्देश्य से निकाली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और युवाओं का इस सफलता के लिए अभिनंदन किया।
जवानों के साहस ने पस्त किए पाकिस्तान के हौसले: योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि जब राष्ट्र संकट में हो, तब धैर्य और एकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि जवानों के साहस के चलते ही भारत ने पाकिस्तान की नापाक मंशाओं को नाकाम किया। पाकिस्तान की सच्चाई पूरी दुनिया के सामने उजागर हुई, जहां नेता और सैन्य अधिकारी आतंकियों के जनाजे में शामिल होते हैं। उन्होंने पाकिस्तान को विफल राष्ट्र करार देते हुए कहा कि यह देश आतंकवाद को ही पालता रहा है और एक दिन इसी में डूब जाएगा।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दिया करारा जवाब, सेना का पराक्रम दुनिया ने देखा
सीएम योगी ने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने जो वीभत्स हमला किया था, उसका करारा जवाब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के रूप में दिया गया। पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकियों और उनके समर्थकों को सजा दी गई। थल, वायु और नौसेना ने एकजुट होकर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। दुनिया को स्पष्ट संदेश दे दिया गया कि “हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे भी नहीं।”
तिरंगा हमारे शौर्य, सम्मान और आत्मगौरव का प्रतीक: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा शुरू की गई तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि यह तिरंगा भारत की आत्मा, शौर्य और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में भी लोगों की उपस्थिति यह दिखाती है कि देशवासी सेना और राष्ट्र के लिए समर्पित हैं। यह वही भाव है जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय हर नागरिक में दिखा।
राष्ट्र प्रथम की भावना से ही बनेगा विकसित भारत: योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह संकल्प रहा है कि भारत के विकास की नींव राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर रखी जाए। अगर 140 करोड़ भारतीय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से अपने कर्तव्यों का पालन करें तो दुनिया की कोई ताकत भारत को रोक नहीं सकती। उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने देश को एकजुट रखा और आदमपुर जाकर बहादुर सैनिकों का मनोबल बढ़ाया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा के दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, संगठन महामंत्री धर्मपाल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खेल मंत्री गिरीश यादव, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद बृजलाल, संजय सेठ समेत कई विधायक, विधान परिषद सदस्य और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल ने किया।
ये भी पढ़ें :- न्यायमूर्ति भुषण रामकृष्ण गवैया बने 52वें मुख्य न्यायाधीश, राष्ट्रपति ने दिलवाई शपथ